Ticker

6/recent/ticker-posts

विशाल हेलमेट रैली के साथ राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह का समापन


कोरिया। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतिम दिवस पर कोरिया जिले में पुलिस विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। इसी क्रम में शुक्रवार को एक विशाल हेलमेट रैली का आयोजन किया गया, जिसे जिले के पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करना रहा। रैली के आगे प्रतीकात्मक रूप से देश की विख्यात महिलाओं—वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई, भारत की पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल, अंतरराष्ट्रीय धाविका पी.टी. उषा एवं पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी—के नाम अंकित कर महिलाओं को खड़ा किया गया था। यह प्रतीक नारी शक्ति, अनुशासन और सुरक्षा के संदेश को दर्शा रहा था। रैली का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेशा चौबे ने किया, जबकि बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, छात्र-छात्राएं और आम नागरिक हेलमेट पहनकर रैली में शामिल हुए। हेलमेट रैली शहर के प्रमुख मार्गों—एनएच मार्ग, मुख्य बाजार, बस स्टैंड सहित अन्य व्यस्त इलाकों से होते हुए मानस भवन पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने रैली का स्वागत किया और पुलिस द्वारा दिए जा रहे सड़क सुरक्षा संदेशों को सराहा। मानस भवन परिसर में आयोजित संक्षिप्त कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों को कम करने के लिए हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग बेहद जरूरी है। पुलिस विभाग ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों को भी यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित करें। इस विशाल हेलमेट रैली के साथ ही जिले में आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह का औपचारिक समापन किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ