बैकुण्ठपुर। कोरिया जिले के गोलहघाट क्षेत्र में सामने आए एक जघन्य हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। महज 1500 रुपये के मामूली लेन-देन विवाद में रिश्तों को शर्मसार करते हुए एक जीजा ने अपने ही साले की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने न केवल शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की, बल्कि सबूत मिटाने के लिए शव को जलाकर जमीन में गाड़ दिया। इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
पुलिस के अनुसार यह वारदात 4 जनवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे की है। आरोपी खेलसाय गोंड (37 वर्ष) का अपने साले टेकराम राम गोंड (25 वर्ष) से 1500 रुपये को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर खेलसाय ने गमछे से टेकराम का गला दबा दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने अपने अपराध को छिपाने के लिए बेहद शातिर तरीका अपनाया। पुलिस ने बताया कि खेलसाय गोंड ने मृतक के शव को अपने बाड़ी के पीछे ले जाकर जलाया, फिर मृतक के कपड़े भी जला दिए। इसके बाद अधजले शव को वहीं जमीन में गाड़ दिया गया। जब पुलिस की गतिविधियां तेज हुईं और संदेह बढ़ने लगा, तो आरोपी ने शव को निकालकर घर के पीछे स्थित खाई में फेंक दिया, ताकि कोई सुराग न मिल सके। यह गांव कोरिया और सूरजपुर जिले की सीमा पर स्थित है, जबकि घटनास्थल सूरजपुर जिले के चोरकी पानी क्षेत्र में बताया जा रहा है। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण शुरुआती जांच में पुलिस को कई तकनीकी और भौगोलिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
जांच के दौरान घटनास्थल से मिली एक चप्पल ने पूरे मामले की परतें खोल दीं। मृतक के छोटे भांजे ने चप्पल को अपने मामा टेकराम की बताते हुए पहचान कर ली। वहीं मृतक की बहन, जो आरोपी की पत्नी है, शुरू में सच्चाई बताने से बचती रही और पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करती रही।
पुलिस की सख्त पूछताछ के दौरान अंततः मृतक की बहन टूट गई और उसने पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से जबड़ा सहित शव के 13 टुकड़ों में हड्डियां बरामद कीं। फोरेंसिक जांच से यह पुष्टि हुई कि हड्डियां मृतक टेकराम राम गोंड की ही हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी खेलसाय गोंड का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पूर्व में जेल जा चुका है। मामले के खुलासे में फोरेंसिक एक्सपर्ट, एसडीपीओ, थाना प्रभारी (टीआई) सहित पुलिस टीम की कड़ी मेहनत और सूझबूझ अहम रही, जिसके चलते इस अंधे हत्याकांड का पर्दाफाश संभव हो सका। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या व सबूत मिटाने सहित गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि छोटे से विवाद में जब इंसानियत मर जाती है, तो रिश्ते भी खूनी हो जाते हैं।


0 टिप्पणियाँ