कोरिया। जिला चिकित्सालय बैकुंठपुर में 20 जनवरी 2026, मंगलवार को रियार्थ फाउंडेशन की ओर से एक सराहनीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में सामाजिक सहयोग और मानव सेवा की मिसाल देखने को मिली। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इस रक्तदान शिविर में नगर पालिका बैकुंठपुर के पूर्व एल्डरमैन मानु मांझी विशेष सहयोगी के रूप में उपस्थित रहे। उनके सहयोग और मार्गदर्शन में शिविर को सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया। रियार्थ फाउंडेशन एवं मोनू मांझी के संयुक्त प्रयास से लगभग 20 यूनिट रक्त का दान किया गया, जो जिला चिकित्सालय के रक्त बैंक में सुरक्षित किया गया। रक्तदान शिविर का थीम “मां की ममता सा अनमोल जीवन दान – रक्तदान” रखा गया था। इस भावनात्मक और प्रेरणादायक थीम के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि जिस प्रकार मां अपने बच्चे को जीवन देती है, उसी प्रकार रक्तदान के माध्यम से किसी जरूरतमंद को नया जीवन दिया जा सकता है। रियाद फाउंडेशन और मोनू मांझी ने बताया कि इसी विचार को लेकर शिविर का आयोजन किया गया और आमजन को रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया। शिविर के दौरान रक्तदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। युवाओं के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने स्वेच्छा से आगे आकर रक्तदान किया। चिकित्सालय के डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की देखरेख में रक्तदान की प्रक्रिया पूरी की गई, जिससे रक्तदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। आयोजकों ने बताया कि रक्तदान करने से न केवल जरूरतमंद मरीजों की जान बचती है, बल्कि रक्तदाता के स्वास्थ्य पर भी इसका सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। नियमित रक्तदान से शरीर की कई बीमारियों का खतरा कम होता है और नया रक्त बनने की प्रक्रिया तेज होती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी भ्रांति में न रहें और समय-समय पर रक्तदान कर मानव सेवा में योगदान दें। रक्तदान शिविर के सफल आयोजन पर जिला चिकित्सालय प्रबंधन ने रियार्थ फाउंडेशन, मोनू मांझी एवं सभी रक्तदाताओं का आभार व्यक्त किया। इस आयोजन से क्षेत्र में सकारात्मक संदेश गया है और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन की अपेक्षा जताई जा रही है।

0 टिप्पणियाँ