Ticker

6/recent/ticker-posts

धान खरीदी में लापरवाही से किसान परेशान 15 दिसंबर से नहीं कट रहा टोकन, धौराटीकरा सेवा सहकारी समिति का मामला


बैकुण्ठपुर। बैकुण्ठपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम आनि के किसान अमृत बैगा इन दिनों धान खरीदी व्यवस्था की अव्यवस्थाओं से गंभीर रूप से परेशान हैं। किसान के पास कुल 210 बोरी धान मौजूद है, लेकिन 15 दिसंबर से अब तक उनका टोकन नहीं कट पाया है। धान खरीदी के लिए वह लगातार धौराटीकरा सेवा सहकारी समिति के चक्कर काट रहे हैं, बावजूद इसके समस्या का समाधान नहीं हो सका है। किसान अमृत बैगा का कहना है कि जब भी वह समिति कार्यालय पहुंचते हैं, वहां से कभी एक कार्यालय तो कभी दूसरे कार्यालय जाने की सलाह दी जाती है। समिति के कर्मचारी कभी पटवारी के पास भेजते हैं तो कभी उच्च कार्यालय का हवाला देकर मामले को टाल दिया जाता है। इस रोज़-रोज़ की भागदौड़ से उनका समय तो बर्बाद हो ही रहा है, साथ ही मानसिक और आर्थिक परेशानी भी लगातार बढ़ती जा रही है। इस संबंध में पटवारी का कहना है कि आवश्यक प्रक्रिया उनके स्तर से पूरी कर ली गई है और संबंधित दस्तावेज भी समिति को भेज दिए गए हैं। इसके बावजूद समिति स्तर पर टोकन नहीं कटना समझ से परे है। किसान का आरोप है कि अब उन्हें केवल यह कहकर टाल दिया जा रहा है कि “दो-तीन दिन बाद टोकन कट जाएगा”, जबकि दिसंबर माह समाप्त होने को है और धान खरीदी की समय-सीमा भी खत्म होने के कगार पर पहुंच चुकी है। किसान अमृत बैगा को आशंका है कि यदि समय रहते टोकन नहीं कटा तो उन्हें मजबूरी में धान औने-पौने दामों में बेचने के लिए विवश होना पड़ सकता है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया जाए और उनका टोकन काटकर धान खरीदी सुनिश्चित की जाए। स्थानीय किसानों का कहना है कि यह समस्या केवल एक किसान तक सीमित नहीं है, बल्कि क्षेत्र के कई किसान इसी तरह की दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो किसान आंदोलन के लिए भी मजबूर हो सकते हैं।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ