सुरजपुर। जिले के रमकोला क्षेत्र में इन दिनों बावनपरियों का अवैध जुआ खेल तेजी से पैर पसार चुका है। प्रतिदिन लाखों रुपये दांव पर लगाने वाले यह खेल न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती बन गया है, बल्कि यहां के ग्रामीणों के आर्थिक और सामाजिक भविष्य पर भी गंभीर संकट खड़ा कर रहा है। बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, सुरजपुर और बैकुण्ठपुर तक के लोग इस अवैध गतिविधि में शामिल हो रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, कुछ व्यक्तियों ने हज यात्रा से लौटकर तौबा करने की बात कही थी, लेकिन अब वे फिर से उसी अवैध गतिविधि में लिप्त पाए जा रहे हैं। रोजाना यहां लाखों का जुआ खेला जा रहा है, जिससे जुआ संचालकों की काली कमाई दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। हैरानी की बात यह है कि इस खेल में व्याज पर भी भारी रकम बांटी जा रही है। प्रतिदिन 10 से 20 लाख रुपये तक ब्याज में दिए जा रहे हैं, जबकि 60 से 70 लाख रुपये की वसूली की जा रही है। यह सुदखोरी की खुलेआम चल रही प्रणाली कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है। स्थिति इतनी भयावह हो चुकी है कि जुआरी न केवल अपने घर की बचत, बल्कि रिश्तेदारों का पैसा भी इस अवैध खेल में झोंक रहे हैं। ग्रामीण धान बेच- बेचकर दांव लगा रहे हैं, वहीं कई लोग अपने वाहन, गहने और घरेलू सामान तक गिरवी रखकर खेल में शामिल हो रहे हैं। परिवारों के सामने आर्थिक संकट गहराता जा रहा है और कई घर बर्बादी की कगार पर पहुंच चुके हैं। ग्रामीणों की मांग है कि प्रशासन तत्काल सख्त कार्रवाई करे और रमकोला क्षेत्र में फल-फूल रहे इस अवैध जुआ नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करे। वरना आने वाले समय में यह सामाजिक बुराई और भी गहरी जड़ें जमा सकती है।

0 टिप्पणियाँ