कोरिया। धान खरीदी के लिए टोकन नहीं मिलने से किसान लगातार परेशान नजर आ रहे हैं। गुरुवार सुबह से ही बड़ी संख्या में किसान धान समिति जामपारा पहुंच गए, लेकिन उन्हें टोकन नहीं मिलने के कारण निराश होकर लौटना पड़ा। किसानों का कहना है कि वे समय पर धान बेचने के लिए समिति पहुंच रहे हैं, बावजूद इसके टोकन की व्यवस्था सुचारू नहीं होने से उन्हें बार-बार भटकना पड़ रहा है। शासन द्वारा हाल ही में निर्देश जारी किए गए हैं कि अब 24 घंटे मोबाइल के माध्यम से टोकन काटने की सुविधा उपलब्ध रहेगी, ताकि किसानों को सुविधा मिल सके। लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग दिखाई दे रही है। अधिकांश किसान मोबाइल से टोकन काटने की प्रक्रिया से अनभिज्ञ हैं। कई किसानों के पास स्मार्ट मोबाइल नहीं है, तो कई ऐसे हैं जिन्हें मोबाइल चलाना नहीं आता। ऐसे में ऑनलाइन टोकन व्यवस्था उनके लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है। किसानों ने बताया कि सुबह से समिति के चक्कर लगाने के बाद भी उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है। समिति कर्मियों पर भी अतिरिक्त दबाव बना हुआ है, क्योंकि बड़ी संख्या में किसान टोकन संबंधी समस्याओं को लेकर पहुंच रहे हैं। इससे अव्यवस्था की स्थिति बन रही है। किसानों ने शासन और प्रशासन से मांग की है कि मोबाइल टोकन व्यवस्था के साथ-साथ समिति स्तर पर भी टोकन काटने की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। साथ ही किसानों को मोबाइल से टोकन काटने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जाए, ताकि उन्हें धान बिक्री में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

0 टिप्पणियाँ