कोरिया जिले में अवैध एवं पुराना धान पकड़ा गया, कई केंद्रों में कार्रवाई
कोरिया। जिले में धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा निरंतर सघन जांच की जा रही है। इसी क्रम में आज जिले के विभिन्न स्थानों पर अवैध एवं मानक से बाहर धान के मामलों में कार्रवाई की गई। धान खरीदी केंद्र धौराटिकिरा में जांच के दौरान 27 बोरी धान को रिजेक्ट किया गया। गुणवत्ता परीक्षण में निर्धारित मानकों पर खरा न उतरने पर समिति ने इसे खरीदी के लिए अनुपयुक्त पाया। इसी प्रकार, धान खरीदी केंद्र जामपारा में 14 क्विंटल पुराना धान पकड़ा गया। धान के पुराने होने और मानक के अनुरूप न होने के कारण इसे जप्त कर समिति के सुपुर्द किया गया। संबंधित जानकारी ‘सतर्क ऐप’ में सबमिट कर दी गई है। वहीं सरभोका चौक स्थित साहू किराना स्टोर्स से लगभग 300 बोरी धान की जब्ती की गई। प्रारंभिक जांच में धान के अवैध भंडारण और बिक्री की आशंका व्यक्त की गई है। मामले को आगे की कार्रवाई हेतु संबंधित विभाग को हस्तांतरित किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से धान की खरीद-बिक्री, भंडारण या पुराने धान की आपूर्ति करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अपने वैध टोकन और पंजीयन के अनुसार ही धान लेकर उपार्जन केंद्रों में आएँ और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत संबंधित अधिकारियों को दें।

0 टिप्पणियाँ