कोरिया। नगर पालिका क्षेत्र में मतदाता जागरूकता और दस्तावेज़ संपूर्णता के उद्देश्य से स्थानीय पार्षद एवं नगर पालिका उपाध्यक्ष आशिष यादव द्वारा अपने वार्ड के सभी मतदाताओं के SIR फार्म भरवाने का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। वार्ड में ही बैठकर किए जा रहे इस कार्य से लोगों में काफ़ी उत्साह और संतोष देखने को मिल रहा है, क्योंकि इससे उन्हें अनावश्यक कार्यालय चक्कर लगाने से राहत मिल रही है। जानकारी के अनुसार, उपाध्यक्ष आशिष यादव ने कुछ दिनों से वार्ड में ही बैठकें आयोजित कर मतदाताओं से सीधे संपर्क साधते हुए उन्हें SIR फ़ॉर्म भरवाने में व्यक्तिगत सहयोग प्रदान किया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं को फ़ॉर्म से जुड़ी आवश्यक जानकारियाँ भी समझाईं, ताकि कोई भी व्यक्ति गलत जानकारी भरने से वंचित न रह जाए। फ़ॉर्म भरने में विशेष रूप से वृद्ध, दिव्यांग और अशिक्षित लोगों की सहायता के लिए अलग से टीम भी लगाई गई, जिसने घर-घर जाकर उनका फ़ॉर्म भरने में सहयोग किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि आमतौर पर ऐसे सरकारी कार्यों के लिए नगर पालिका या अन्य कार्यालयों के कई चक्कर लगाने पड़ते हैं, लेकिन वार्ड में ही सेवा मिलने से उन्हें काफी सुविधा हुई है। उपाध्यक्ष यादव का यह प्रयास लोगों की समस्या को कम करने और प्रशासनिक कार्यवाही को सरल बनाने की दिशा में सराहनीय कदम माना जा रहा है। आशिष यादव ने कहा कि उनका उद्देश्य है कि वार्ड का हर पात्र मतदाता SIR फ़ॉर्म से संबंधित दस्तावेज़ समय पर और बिना किसी परेशानी के पूरा कर सके। इसी को ध्यान में रखते हुए यह सेवा वार्ड स्तर पर शुरू की गई है। उनके इस प्रयास से वार्ड में सुविधा, पारदर्शिता और जनसंपर्क को मजबूती मिली है।

0 टिप्पणियाँ