बैकुण्ठपुर। जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर में आज अधिवक्ता संघ का भव्य शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला न्यायाधीश शैलेश तिवारी रहे। इसके साथ ही प्रदेश सरकार में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, नगर निगम चिरमिरी के महापौर रामनरेश राय, और बैकुण्ठपुर के पूर्व नपाध्यक्ष शैलेश शिवहरे विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह की शुरुआत अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के स्वागत के साथ हुई। जिला अधिवक्ता संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुलतान अंसारी, सचिव ध्रुव कश्यप सहित उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सहसचिव एवं कार्यकारिणी सदस्यगणों को न्यायालय के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। सभी पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण के पश्चात् स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल द्वारा प्रमाण पत्र सौंपे गए। स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने अपने संबोधन में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और समाज में न्याय की स्थापना में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नई टीम पूरी निष्ठा, ऊर्जा और पारदर्शिता के साथ अधिवक्ताओं के हितों तथा न्यायालयीन कार्यों को सुचारू रूप से आगे बढ़ाएगी। नगर निगम महापौर रामनरेश राय तथा पूर्व नपाध्यक्ष शैलेश शिवहरे ने भी अपने उद्बोधन में अधिवक्ताओं की समाजिक भूमिका को रेखांकित करते हुए संघ की नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में संघ की ओर से सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। शपथ ग्रहण समारोह में बड़ी संख्या में अधिवक्ता, न्यायिक अधिकारी एवं आमजन उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम सफल और शानदार रहा।

0 टिप्पणियाँ