Ticker

6/recent/ticker-posts

राष्ट्रीय जम्बूरी के लिए कोरिया की स्काउट-गाइड टीम रवाना, रायपुर में शुरू हुआ पूर्वाभ्यास

 


बैकुण्ठपुर। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स राष्ट्रीय मुख्यालय नई दिल्ली के तत्वावधान में आगामी 23 से 29 नवम्बर 2025 तक लखनऊ, उत्तर प्रदेश में आयोजित होने वाली 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी एवं डायमंड जुबली जम्बूरी के लिए कोरिया जिले की टीम उत्साहपूर्वक रवाना हो चुकी है। इस राष्ट्रीय आयोजन का उद्घाटन देश के माननीय प्रधानमंत्री तथा समापन समारोह महामहिम राष्ट्रपति की उपस्थिति में प्रस्तावित है, जो प्रतिभागियों के लिए ऐतिहासिक अवसर साबित होगा। जम्बूरी से पूर्व तैयारी हेतु राज्य मुख्य आयुक्त इन्द्रजीत सिंह खालसा एवं राज्य सचिव जितेन्द्र कुमार साहू के निर्देशानुसार राज्य प्रशिक्षण केंद्र झांकी, अभनपुर (जिला रायपुर) में 18 से 21 नवम्बर तक पूर्वाभ्यास शिविर आयोजित किया जा रहा है। कोरिया जिले से इस शिविर में भाग लेने के लिए जिला प्रभारी शिव प्रताप सिंह के नेतृत्व में 06 स्काउट्स और 04 गाइड्स की टीम 17 नवम्बर को बैकुंठपुर रोड रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। रवाना करते समय जिला सचिव सुरेन्द्र कुमार, जिला संगठन आयुक्त स्काउट नागेश्वर साहू, जिला संगठन आयुक्त गाइड आशा एक्का तथा जिला प्रशिक्षण आयुक्त गाइड निशा खान ने सभी को शुभकामनाएं दीं। टीम 18 नवम्बर को सकुशल शिविर स्थल पहुंच चुकी है।

प्रतिभागियों में रनई विद्यालय से मृत्युंजय राजवाड़े, ईशु राजवाड़े, सेंट जेवियर्स रामपुर से सुशील कुमार, अनुज किंडो, श्रेया भगत, अकलासरई विद्यालय से शुभम व सियामती, सोनहत कन्या हाई स्कूल से सीमा यादव तथा लोयोला भैसवार से संजय सिंह और सिमरन कुजूर शामिल हैं। सभी प्रतिभागियों को जिला खनिज न्यास मद से वित्तीय सहायता प्रदान की गई है तथा ट्रैक-शूट का वितरण जिला मुख्य आयुक्त देवेन्द्र तिवारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी जितेन्द्र कुमार गुप्ता एवं जिला संगठन आयुक्त नागेश्वर साहू द्वारा किया गया। राष्ट्रीय जम्बूरी में प्रतिभागियों को मार्च-पास्ट, कलर पार्टी, लोकनृत्य, फिजिकल डिस्प्ले, बैंड, प्रदर्शनी, पायनियरिंग प्रोजेक्ट, कैंप क्राफ्ट, कैंप फायर, स्किल-ओ-रामा एवं साहसिक गतिविधियों सहित विविध प्रतिस्पर्धाओं में अपने कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ