बैकुण्ठपुर। धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता और सुव्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से इस वर्ष किसानों को धान विक्रय के लिए तुंहर टोकन मोबाइल एप के माध्यम से टोकन जारी किए जाएंगे। शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार टोकन प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 9.30 बजे तक केवल मोबाइल एप पर ही उपलब्ध होंगे। वहीं, सोसायटी संचालक पिछले वर्ष की भांति सुबह 9:30 बजे से टोकन जारी कर सकेंगे। जारी निर्देशों के अनुसार किसानों को अगले 7 खरीदी दिवसों के लिए टोकन प्राप्त करने की सुविधा रहेगी। टोकन पर दर्ज धान की मात्रा किसान के डीसीएस / गिरदावरी / पीवी रकबे के अनुसार पंजीकृत धान रकबा से अधिक नहीं होगी। किसान श्रेणी के अनुसार टोकन जारी करने की सीमा निर्धारित की गई है। लघु एवं सीमांत किसानों को अधिकतम 2 टोकन, बड़े किसानो को अधिकतम 3 टोकन जारी किए जाएंगे। पारदर्शिता बढ़ाने और अनधिकृत व फर्जी टोकन जारी होने से रोकने के लिए आधार आधारित ओटीपी प्रमाणीकरण को अनिवार्य किया गया है। टोकन जारी करने के दौरान किसान के आधार नंबर पर ओटीपी सत्यापन होगा, जिससे किसान की पहचान सुनिश्चित होगी और उनकी जानकारी व सहमति के बिना टोकन जारी नहीं हो सकेगा। प्रशासन ने किसानों से तुंहर टोकन मोबाइल एप का उपयोग कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार टोकन प्राप्त करने की अपील की है, ताकि धान खरीदी कार्य सुचारू और व्यवस्थित रूप से संचालित हो सके।

0 टिप्पणियाँ