Ticker

6/recent/ticker-posts

छठ पर्व की तैयारी जोरों पर, जोड़ा तालाब की हुई विशेष सफाई

 



कोरिया। आगामी छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद बैकुंठपुर द्वारा जोड़ा तालाब परिसर में विशेष सफाई अभियान चलाया गया। नगर पालिकाध्यक्ष नविता शिवहरे एवं नगर पालिका अधिकारी संजय दुबे के निर्देश पर नपा कर्मचारियों ने पूरे तालाब परिसर की सफाई कर श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया। इस अवसर पर स्थानीय पार्षद लवी गुप्ता, पूर्व नगर पालिकाध्यक्ष शैलेश शिवहरे सहित नगर पालिका के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


छठ पर्व के दौरान जोड़ा तालाब क्षेत्र में हर वर्ष हजारों श्रद्धालु सूर्य उपासना के लिए एकत्र होते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए इस वर्ष भी नगर पालिका ने सफाई, प्रकाश व्यवस्था और जल की शुद्धता पर विशेष ध्यान दिया है। तालाब के चारों ओर कचरा और जलकुंभी की सफाई कर पानी को स्वच्छ बनाया गया है, वहीं घाटों की मरम्मत और समतलीकरण का कार्य भी किया गया।


नगर पालिकाध्यक्ष नविता शिवहरे ने बताया कि छठ पर्व आस्था और पवित्रता का प्रतीक है, इसलिए श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए नगर पालिका पूरी तत्परता से तैयारी में जुटी है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका का लक्ष्य है कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पर्व शांतिपूर्ण एवं हर्षोल्लास के साथ संपन्न हो। नगर पालिका अधिकारी संजय दुबे ने बताया कि सफाई कर्मियों की विशेष टीम बनाई गई है, जो पर्व के दौरान भी सतत निगरानी रखेगी। साथ ही, तालाब के आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय एवं कचरा निस्तारण की व्यवस्था भी की जा रही है। स्थानीय पार्षद लवी गुप्ता ने कहा कि नगर पालिका के सहयोग से जोड़ा तालाब क्षेत्र को आकर्षक रूप दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पुलिस विभाग एवं स्वास्थ्य अमले के सहयोग से समुचित प्रबंध किए जाएंगे। पूर्व नपाध्यक्ष शैलेश शिवहरे ने नगर पालिका के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता ही छठ पर्व का मूल भाव है, और नगर पालिका ने इसे ध्यान में रखकर उत्कृष्ट कार्य किया है। नगरवासियों ने भी सफाई अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस वर्ष जोड़ा तालाब परिसर पहले से अधिक स्वच्छ और सुंदर दिखाई दे रहा है। सभी ने नगर पालिका के प्रयासों की प्रशंसा की और कहा कि इस बार का छठ पर्व और भी अधिक भव्य एवं श्रद्धामय रहेगा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ