Ticker

6/recent/ticker-posts

मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम 7 फरवरी 2026 तक 4 नवंबर से घर-घर सर्वेक्षण, राजनीतिक दलों को

एसआईआर के दिशा-निर्देशों की जानकारी राजनीतिक दलों को दी गई



बैकुण्ठपुर। आज कलेक्टरेट सभा कक्ष में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसाईआर) के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। 

 मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार वर्ष 2025-26 के लिए मतदाता सूची के वार्षिक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की तिथियाँ निर्धारित कर दी गई हैं। इसके तहत प्रिंटिंग एवं प्रशिक्षण कार्य 28 अक्टूबर से 3 नवंबर 2025 तक तथा 4 नवंबर से 4 दिसंबर 2025 तक घर-घर सर्वेक्षण एवं सूचीकरण कार्य किया जाएगा। इसके पश्चात 9 दिसंबर 2025 को मसौदा मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। मसौदा सूची पर दावे एवं आपत्तियाँ 9 दिसंबर 2025 से 8 जनवरी 2026 तक प्राप्त की जाएंगी। इनका परीक्षण, नोटिस, सुनवाई एवं सत्यापन कार्य 31 जनवरी 2026 तक किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 फरवरी 2026 को होगा। एसआईआर कार्यक्रम के तहत 2003 की मतदाता सूची में नाम न होने पर पहचान का प्रमाण प्रस्तुत करना आवश्यक होगा। बी.एल.ओ. घर-घर जाकर प्रपत्र वितरित करेंगे। 

18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले करेंगे नाम दर्ज

जिला निर्वाचन कार्यालय ने बताया कि ऐसे नागरिक जिनकी आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो रही है, वे अपना नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करने हेतु निर्धारित आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं। नाम जोड़ने, सुधार या विलोपन के लिए संबंधित बी.एल.ओ., मतदान केन्द्र या निर्वाचन कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है। सुविधा हेतु आवेदन www.nvsp.in एवं वोटर हेल्पलाइन एप पर ऑनलाइन भी उपलब्ध हैं।

नगरीय क्षेत्रों में बी.एल.ओ. की नियुक्ति

नगरीय क्षेत्र में मतदाता सूचीकरण के लिए नगर पालिका परिषद बैकुण्ठपुर में 14 मतदान केन्द्र, नगर पालिका शिवपुर- चरचा में 15 मतदान केन्द्र, नगर पंचायत पटना में 5 मतदान केन्द्र बनाएं गए हैं। साथ ही आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त बी.एल.ओ. नियुक्त किए जाएंगे। मतदाता सुविधा हेतु हेल्पलाइन सक्रिय हैं जिले में 1950 कॉल सेंटर सक्रिय है, इसके अतिरिक्त संपर्क नंबर 07836-232888, 07836-232555 ‘बुक-ए-काल’ सुविधा के माध्यम से मतदाता सीधे बी.एल.ओ. से संवाद कर सकेंगे।

जिला प्रशासन की अपील

‘सभी नागरिक अपने नाम की पुष्टि करें तथा पात्र होने पर अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं, ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया अधिक मजबूत हो।‘ इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ