चिरमिरी। नगर निगम चिरमिरी के महापौर रामनरेश राय की तबीयत अचानक बिगड़ने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार यह हार्ट अटैक था, और उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल खुद अस्पताल पहुंचे और महापौर के स्वास्थ्य की जानकारी ली। मंत्री जायसवाल ने चिकित्सकों से विस्तृत जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। स्वास्थ्य मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "मेयर रामनरेश राय जी हमारे क्षेत्र के कर्मठ जनप्रतिनिधि हैं। सरकार की ओर से हर संभव इलाज की व्यवस्था की जा रही है। उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।" नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों सहित क्षेत्र के नागरिकों ने मेयर की जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। यह घटना चिरमिरी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है, क्योंकि रामनरेश राय की गिनती सक्रिय और जनहितैषी जनप्रतिनिधियों में होती है।
0 टिप्पणियाँ