बैकुण्ठपुर। ग्राम पंचायत खांडा एवं भांडी में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवासों की प्रगति को लेकर सक्रियता दिखाई गई। इसी क्रम में भांडी ग्राम में सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, आवास मित्र एवं ब्लॉक कोऑर्डिनेटर की संयुक्त उपस्थिति में आवास चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल के माध्यम से हितग्राहियों को आवास निर्माण की प्रगति तेज करने तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के लिए प्रेरित किया गया। आवास चौपाल के दौरान अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि सभी स्वीकृत आवासों का निर्माण 15 फरवरी तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि पात्र हितग्राहियों को समय पर पक्के आवास का लाभ मिले, इसके लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आवास निर्माण में आ रही समस्याओं को भी चौपाल में सुना गया और उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया गया।
इसके पश्चात पंचायत प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों द्वारा डोर-टू-डोर जाकर आवासों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान निर्माण की गुणवत्ता, कार्य की गति एवं उपयोग में लाई जा रही सामग्री का जायजा लिया गया। जिन हितग्राहियों के आवास अधूरे पाए गए, उन्हें शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, वहीं पूर्ण हो चुके आवासों की सराहना भी की गई। सरपंच एवं सचिव ने हितग्राहियों से अपील की कि वे समय पर निर्माण कार्य पूर्ण कर योजना का लाभ उठाएं और किसी भी समस्या की जानकारी पंचायत को तत्काल दें। अधिकारियों ने यह भी कहा कि आवास योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों के जीवन स्तर में सुधार लाने की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसे सफल बनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। पंचायत स्तर पर की गई इस पहल से ग्रामीणों में जागरूकता बढ़ी है और आवास निर्माण की प्रगति में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है। पंचायत प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि आगामी दिनों में भी इसी तरह निरंतर निगरानी और मार्गदर्शन जारी रहेगा।

0 टिप्पणियाँ