कोरिया। सोमवार को पुलिस अधीक्षक कोरिया रवि कुमार कुर्रे के निर्देशन में बैकुंठपुर के कुमार चौक में नए आपराधिक कानूनों के महत्वपूर्ण प्रावधानों को आम नागरिकों तक पहुँचाने के उद्देश्य से जनजागरूकता स्टाल का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य था कि नागरिकों को आपराधिक न्याय प्रणाली में हुए व्यापक बदलावों, संशोधनों और नए प्रावधानों की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराई जाए। कार्यक्रम में जिला न्यायालय कोरिया के जिला एवं सत्र न्यायाधीश, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM), JMFC न्यायिक अधिकारीगण मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। न्यायिक अधिकारियों की मौजूदगी से कार्यक्रम की गंभीरता और महत्व और अधिक बढ़ गया। उन्होंने नागरिकों को न्यायिक दृष्टिकोण से नए प्रावधानों की व्याख्या करते हुए बताया कि इन कानूनों का उद्देश्य न्याय प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी बनाना है। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक नेलशन कुजूर, रनि. विपुल आनंद जागड़े, थाना प्रभारी बैकुंठपुर विपिन लकड़ा, यातायात प्रभारी बीरबल राजवाड़े, सउनि धनंजय सिंह सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जनजागरूकता स्टाल में बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने भाग लिया। उन्हें भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम में किए गए व्यापक बदलावों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम में उपस्थित न्यायालयीन अधिकारियों, लोक अभियोजकों और अधिवक्ताओं ने भी जनता की शंकाओं का समाधान करते हुए नए कानूनों की उपयोगिता, प्रक्रिया में हुए परिवर्तन और उनके व्यावहारिक पहलुओं पर सरल मार्गदर्शन दिया।
कोरिया पुलिस की यह पहल नागरिकों में विधिक जागरूकता बढ़ाने और पुलिस-जन संवाद को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई। पुलिस विभाग ने भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।

0 टिप्पणियाँ