Ticker

6/recent/ticker-posts

ठीक सड़क पर पैचवर्क… गिट्टी उखड़ने से बढ़ा संदेह, PWD विभाग की कार्यप्रणाली पर फिर उठे सवाल

 


कोरिया। कुडैली से सूरजपुर मार्ग पर लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा इन दिनों पैचवर्क कार्य किया जा रहा है, जबकि यह सड़क पहले से ही बेहतर स्थिति में थी और तत्काल मरम्मत की कोई आवश्यकता नहीं थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग ने अनावश्यक रूप से बजट खर्च करने के उद्देश्य से पैचवर्क शुरू करवाया है। लेकिन जिस तरीके से काम किया जा रहा है, वह गंभीर अनियमितताओं की ओर इशारा करता है। सूत्रों के अनुसार सड़क पर डामर ठीक से नहीं लगाया गया है, जिससे गिट्टी पूरी तरह चिपक नहीं रही और पैचवर्क शुरू होते ही उखड़ने की स्थिति में पहुंच गया है। इससे स्पष्ट होता है कि मानकों के अनुसार कार्य नहीं कराया जा रहा है। लोगों का कहना है कि जब सड़क पहले से ही ठीक थी तो सुधार की आड़ में घटिया निर्माण कराने का उद्देश्य केवल भ्रष्टाचार को प्रोत्साहित करना ही हो सकता है। यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व भी PWD विभाग पर जमगाना हाई स्कूल से जुड़े निर्माण कार्य और चेयरमार्ग में हुए काम को लेकर गंभीर आरोप लगे थे। उस समय परिवहन विभाग व संबंधित कार्यों में अनियमितता की खबर प्रकाशित होने पर स्वास्थ्य मंत्री ने भी संज्ञान लिया था। बावजूद इसके अब तक किसी ठोस कार्यवाही की शुरुआत नहीं हो सकी है, जिससे विभागीय तंत्र की पारदर्शिता पर बड़े सवाल खड़े होते हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर इसी तरह बिना जांच और बिना गुणवत्ता के कार्यों को स्वीकृति मिलती रही, तो सरकारी निधि की बर्बादी और भ्रष्टाचार रोकना नामुमकिन हो जाएगा। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कुडैली–सूरजपुर रोड पर हो रहे पैचवर्क कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषियों पर कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ