कोरिया। सरकारी राशन व्यवस्था की लापरवाही और जिम्मेदारों की उदासीनता एक बार फिर उजागर हुई है। जानकारी के अनुसार क्षेत्र की सरकारी दुकान में बड़े पैमाने पर अनियमितता सामने आई है, जहां वितरित किए जाने वाले सरकारी नमक को दुकान संचालक द्वारा फेंक दिया गया। दुकान परिसर और आसपास के पूरे क्षेत्र में नमक बिखरा पड़ा देखा जा सकता है, जिससे स्पष्ट होता है कि खाद्यान्न के उचित संरक्षण और वितरण को लेकर गंभीर चूक हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी दुकान संचालक अपनी मनमर्ज़ी से काम कर रहा है तथा गरीब परिवारों के हक का राशन उचित तरीके से उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान में उपलब्ध खाद्यान्न को समय पर नहीं बांटा जाता, वहीं कुछ सामग्री को मनमाने ढंग से बेचने और क्षति पहुँचाने जैसी गतिविधियाँ लगातार हो रही हैं। नमक फेंके जाने की घटना के बाद लोगों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि शासन गरीबों के लिए सुविधाएँ देती है, लेकिन ग्राउंड लेवल पर भ्रष्टाचार और लापरवाही की वजह से सामग्री पात्र व्यक्तियों तक नहीं पहुंच पाती। यहां तक कि लोगों ने बताया कि कई बार पात्र उपभोक्ताओं को यह कहकर वापस कर दिया जाता है कि नमक उपलब्ध नहीं है, जबकि पीछे गोदाम में नमक रखा रहता है या नष्ट कर दिया जाता है। मामले की जानकारी ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों को दी है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसा कृत्य न केवल शासन की योजनाओं के साथ धोखा है, बल्कि खाद्यान्न सुरक्षा के अधिकार का खुलेआम उल्लंघन भी है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले की जांच कर दोषियों पर निलंबन से लेकर आपराधिक कार्रवाई तक की कार्यवाही होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो। अधिकारियों की ओर से मामले की जांच की बात कही गई है, लेकिन अब आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हैं।

0 टिप्पणियाँ