Ticker

6/recent/ticker-posts

सरईगहना–सलका कांदाबाड़ी में अवैध जुआ पर पुलिस का शिकंजा, ग्रामीणों ने की सराहना


कोरिया। सरईगहना, सलका कांदाबाड़ी क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध जुए के कारोबार पर आखिरकार पुलिस ने एक वर्ष बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए छापामार अभियान चलाया। लगातार शिकायतों और ग्रामीणों की परेशानियों को देखते हुए कोतवाली पुलिस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की, जिसके दौरान कई जुआरियों को मौके से पकड़कर पूछताछ शुरू की गई। ग्रामीणों ने बताया कि अवैध जुए की वजह से गरीब परिवार सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे थे। कई घर आर्थिक रूप से टूटने लगे थे और अक्सर घरों में विवाद की स्थितियां भी पैदा हो रही थीं। शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने से लोगों में नाराजगी भी थी, लेकिन इस बार पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से ग्रामीणों में संतोष का माहौल है। लोगों ने कहा कि पुलिस की इस पहल से यह महसूस हो रहा है कि अब कानून व्यवस्था केवल शहरों तक सीमित नहीं बल्कि गांवों के लोगों की समस्या भी गंभीरता से सुनी जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि छापेमारी से अवैध गतिविधियों पर रोक लगेगी और युवाओं को गलत रास्ते पर जाने से बचाया जा सकेगा। पुलिस ने भी स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। एक वर्ष बाद हुई इस बड़े अभियान ने अवैध जुए के नेटवर्क को हिला दिया है, वहीं ग्रामीणों में कोतवाली पुलिस के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है। अवैध जुए की गिरफ्त में फंसे गरीब परिवारों को राहत मिलती दिख रही है और गांव के लोग उम्मीद कर रहे हैं कि अब इस तरह की गतिविधियाँ पूरी तरह बंद होंगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ