बैकुण्ठपुर। जिले के लिए गर्व का विषय है कि बैकुंठपुर विकासखंड के महुआपारा खाड़ा स्थित शासकीय प्राथमिक शाला की सहायक शिक्षिका श्वेता सोनी की पुत्री कुमारी अंशिका कश्यप ने राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी 2025 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम गौरवान्वित किया है। यह प्रतिष्ठित संगोष्ठी राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (National Council of Science Museums) एवं संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई थी। इस वर्ष संगोष्ठी का विषय था “क्वांटम युग का आगाज़: संभावनाएं एवं चुनौतियाँ”, जिसमें देशभर के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का राष्ट्रीय स्तर का आयोजन 30 अक्टूबर 2025 को विस्वेश्वरैया औद्योगिक एवं प्रौद्योगिक संग्रहालय, बेंगलुरु (VITM) में संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए कुमारी अंशिका कश्यप ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से राष्ट्रीय स्तर पर सबका ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने सेजेस महलपारा, बैकुंठपुर से प्रतिभाग किया तथा शिल्पी सिंह, व्याख्याता (भौतिकी) के कुशल मार्गदर्शन में अपनी प्रस्तुति तैयार की। अंशिका ने क्वांटम तकनीक के वैज्ञानिक पहलुओं, उसके भविष्य की संभावनाओं और चुनौतियों पर प्रभावशाली प्रस्तुति देकर निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। उनकी इस सफलता से पूरे जिले में हर्ष और गर्व का माहौल है। शिक्षकों, अभिभावकों और सहपाठियों ने अंशिका को बधाई दी है। इस उपलब्धि ने न केवल उनके विद्यालय और परिवार बल्कि पूरे कोरिया जिले को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। शिक्षिका श्वेता सोनी ने कहा कि यह सफलता मेहनत, अनुशासन और सतत प्रयास का परिणाम है। वहीं मार्गदर्शक शिल्पी सिंह ने इसे छात्रा की लगन और वैज्ञानिक सोच का परिणाम बताया। कु. अंशिका कश्यप की इस उपलब्धि से एक बार फिर सिद्ध हुआ है कि कोरिया की धरती प्रतिभाओं से भरी है और यहाँ की बेटियाँ देशभर में जिले का नाम रोशन कर रही हैं।


0 टिप्पणियाँ