Ticker

6/recent/ticker-posts

शासनिक परिसर की उपेक्षा उजागर: सहकारिता कार्यालय के पास शराब की खाली बोतलों का अंबार

 


कोरिया। जिला मुख्यालय बैकुंठपुर के प्रमुख प्रशासनिक परिसर में गंदगी और लापरवाही की तस्वीर साफ तौर पर सामने आई है। एसडीएम कार्यालय के बिल्कुल पीछे तथा सहकारिता विभाग और मत्स्य विभाग के बीच स्थित खाली ज़मीन पर लंबे समय से शराब की खाली बोतलों, प्लास्टिक कचरे और अन्य अवशेषों का बड़ा ढेर जमा हो गया है, जो अब बदहाली का रूप ले चुका है।


सरकारी कार्यालयों के बीच फैली यह गंदगी न केवल परिसर की छवि धूमिल कर रही है, बल्कि यहां आने वाले कर्मचारी, आम नागरिक और सेवा लेने पहुंचे लोगों के सामने प्रशासन की संवेदनहीनता भी उजागर करती है। यह क्षेत्र जिले के आधा दर्जन से अधिक महत्वपूर्ण विभागों का केंद्र है, जहां रोज़ाना बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं। इसके बावजूद परिसर की साफ-सफाई को लेकर कोई ठोस पहल न होना कई सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस खाली जगह का उपयोग कुछ असामाजिक तत्व शराबखोरी के लिए कर रहे हैं, जिसके चलते यहां रोज़ाना बोतलों का ढेर बढ़ता जा रहा है। रात के समय यहां शराब सेवन और अवैध गतिविधियों की आशंका भी जताई जा रही है। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी का अभाव स्पष्ट दिख रहा है।गंदगी से उठने वाली बदबू और मच्छरों का बढ़ता प्रकोप भी लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रहा है। वहीं, परिसर में कार्यरत कर्मचारियों ने बताया कि इस मुद्दे की शिकायत कई बार संबंधित अधिकारियों को की गई, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। ऐसे महत्वपूर्ण क्षेत्र में इस तरह की अव्यवस्था न केवल प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाती है, बल्कि स्वच्छता को लेकर सरकारी दावों की हकीकत भी सामने लाती है। लोगों ने मांग की है कि जिला प्रशासन तुरंत संज्ञान लेकर परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित करे और असामाजिक गतिविधियों पर कड़ाई से रोक लगाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ