कोरिया। थाना पटना, जिला कोरिया पुलिस ने सूरज की मौत के “अंधे कत्ल” की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी रामप्रताप उर्फ पप्पू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वैज्ञानिक व तकनीकी जांच के आधार पर हत्या के 35 दिन बाद मामले का सफलतापूर्वक खुलासा किया।
19 अक्टूबर 2025 को बड़कापारा स्थित रामसागर तालाब में एक अज्ञात युवक का शव मिलने की सूचना पर थाने की टीम मौके पर पहुंची। शव तीन दिन पुराना एवं पानी में रहने से क्षत-विक्षत अवस्था में था। जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान सूरज पिता रामदास गोड़ (उम्र 26 वर्ष), निवासी ग्राम चैनपुर के रूप में हुई। परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा व पोस्टमार्टम कार्रवाई की गई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि युवक की मौत गला दबाकर हत्या करने तथा शव को तालाब में फेंकने से हुई। इसके आधार पर थाना पटना में अपराध क्रमांक 223/2025 धारा 103(1) बीएनएस अंतर्गत हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले को “अंधे कत्ल” की श्रेणी में रखते हुए पुलिस टीम ने मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन एनालिसिस एवं डिजिटल साक्ष्यों की गहराई से जांच की। जांच में खुलासा हुआ कि 16 अक्टूबर 2025 को दोपहर 12:11 बजे मृतक की पत्नी से अंतिम बार बातचीत हुई थी। इससे पहले उसी दिन 11:17 बजे मृतक की आरोपी रामप्रताप पप्पू (निवासी उजियारपुर) तथा उसके रिश्ते के भाई छोटू सिंह से बातचीत हुई थी। कॉल लोकेशन मिलान के बाद संदेह की दिशा निर्धारित हुई। तब से फरार चल रहे आरोपी रामप्रताप की पतासाजी के लिए पुलिस ने झारखंड व पश्चिम बंगाल तक लगातार छापेमारी की। तकनीकी इनपुट पर पकड़ने के बाद पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। उसके अनुसार 16 अक्टूबर की दोपहर वह मृतक के साथ चैनपुर से नगर पहुंचा, फिर दोनों ट्रेन से कटोरा गए। शराब का सेवन करने के बाद डीजल चोरी की कमाई के पैसों को लेकर दोनों में विवाद बढ़ा, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने सूरज का गला दबाकर हत्या कर दी और शव तालाब में फेंक दिया। आरोपी के मेमोरण्डम पर मृतक का मोबाइल, बैग एवं कपड़े बरामद कर जब्त किए गए। ठोस साक्ष्यों और आरोपी के कबूलनामे के आधार पर उसे 23 नवंबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। कोरिया पुलिस के इस सफल खुलासे को स्थानीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

0 टिप्पणियाँ