Ticker

6/recent/ticker-posts

दस मिनट लेट होने पर स्कूल गेट बंद, ठंड में ठिठुरते रहे सैकड़ों विद्यार्थी और पालक सेंट जोसेफ इंग्लिश मीडियम स्कूल का मामला भी आया सामने


कोरिया। क्षेत्र में लगातार कड़ाके की ठंड बढ़ती जा रही है, लेकिन इसके बावजूद कई स्कूलों में समय में किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। सेंट जोसेफ इंग्लिश मीडियम स्कूल में भी आज सुबह ऐसी ही स्थिति देखने को मिली, जहाँ महज़ 10 मिनट देर से पहुँचे छात्र-छात्राओं को गेट के बाहर रोक दिया गया। सैकड़ों बच्चे और उनके पालक ठिठुरती सर्दी में स्कूल के बाहर खड़े रहे, लेकिन स्कूल प्रशासन ने गेट खोलने या बच्चों को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी। सुबह के समय तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। ऐसे में छोटे बच्चे समय पर पहुँचने में थोड़ी देर कर भी दें तो उन्हें घंटों सर्द हवा में खड़े रहने के लिए मजबूर करना अभिभावकों को अनुचित लगा। कई पालकों ने बताया कि सुबह धुंध और ठंड के कारण निकलने में देरी हो जाती है, साथ ही परिवहन साधनों की कमी भी बड़ी समस्या है। इसके बावजूद स्कूल प्रबंधन की तरफ से किसी तरह की रियायत नहीं दी जा रही है। अभिभावकों का कहना है कि इस तरह की कठोर व्यवस्था बच्चों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव डाल सकती है। कई छोटे बच्चे ठंड से कांपते हुए दिखाई दिए। पालकों ने आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन न तो मौसम का ध्यान रख रहा है और न ही बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दे रहा है। इस पूरे घटनाक्रम को लेकर क्षेत्र में भारी नाराजगी है। पालकों ने स्कूल प्रबंधन से मांग की है कि ठंड को देखते हुए स्कूल टाइमिंग में बदलाव किया जाए या कम से कम 10–15 मिनट देर आने पर भी बच्चों को प्रवेश देने की अनुमति दी जाए, ताकि किसी बच्चे को ठंड में खड़ा न रहना पड़े। स्थानीय लोगों ने जिला शिक्षा विभाग से भी हस्तक्षेप की मांग की है कि ऐसे स्कूलों को निर्देशित किया जाए कि कड़ाके की ठंड में मानवीय दृष्टिकोण अपनाएँ और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ