Ticker

6/recent/ticker-posts

35 करोड़ की परियोजना अधर में: नवीन जिला अस्पताल का निर्माण एक साल से ठप, नागरिक स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर चिंतित

 


कोरिया। जिले में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से डीएमएफ मद से 35 करोड़ रुपये की लागत से कंचनपुर में बनाए जा रहे नवीन जिला अस्पताल का निर्माण पिछले एक वर्ष से पूरी तरह ठप पड़ा है। जिले के लोगों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की उम्मीदों से शुरू की गई यह महत्वपूर्ण परियोजना अब अधर में लटकी हुई है। निर्माण बंद होने की वजह से आम जनता और मरीजों में गहरी नाराजगी देखने को मिल रही है। अस्पताल के शुरू होने से जिले के हजारों लोगों को विशेष उपचार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ता, लेकिन काम रुकने से हालात जस के तस बने हुए हैं।


सूत्रों के अनुसार बीजेपी सरकार के आने के बाद से निर्माण कार्य की गति पूरी तरह रुक गई है। इसके चलते अस्पताल भवन अधूरा खड़ा है और समय के साथ अब यह क्षतिग्रस्त होने लगा है। निर्माणाधीन ढांचे में गुणवत्ता को लेकर शुरू से ही सवाल उठते रहे हैं। बताया जा रहा है कि कई हिस्सों में बेस धंसने लगा है, दीवारों में दरारें दिखाई देने लगी हैं और निर्माण के दौरान पानी की तराई तक पर्याप्त रूप से नहीं की गई। 35 करोड़ के बजट के बावजूद अब तक लैब की स्थापना नहीं की गई है, वहीं फिनिशिंग का काम भी लगभग नहीं के बराबर है। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि निर्माण समय पर पूरा नहीं किया गया, तो पहले से बने हिस्सों की मरम्मत पर सरकार को अतिरिक्त राशि खर्च करनी पड़ सकती है।


जिले के जनप्रतिनिधि व सामाजिक संगठन लगातार अस्पताल के निर्माण पूरा करने की मांग उठाते रहे हैं। उनका कहना है कि जिला मुख्यालय में उन्नत स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहद आवश्यकता है, और इस परियोजना का ठप पड़े रहना आम जनता के साथ बड़ा अन्याय है। उधर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्पष्ट किया है कि परियोजना की राशि पहले डीएमएफ मद से जारी की गई थी, लेकिन बाद में आवश्यक निधि की कमी आ गई। उन्होंने बताया कि अब सरकार की ओर से अतिरिक्त राशि स्वीकृत कर दी गई है और बहुत जल्द बंद पड़ा काम फिर से शुरू करा दिया जाएगा। मंत्री ने आश्वासन दिया कि निर्माण की गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया जाएगा ताकि जनता को दीर्घकालिक और सुदृढ़ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सके। कोरिया जिले में लोग अब मंत्री के आश्वासन को उम्मीद की किरण के रूप में देख रहे हैं। जनता की यही अपेक्षा है कि करोड़ों की लागत वाली यह महत्वपूर्ण परियोजना जल्द पूरी हो और लंबे समय से प्रतीक्षित आधुनिक जिला अस्पताल शीघ्र शुरू हो सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ