कोरिया। कोरियामहोत्सव के दूसरे दिन का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के केबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि आर. के. गांधी की उपस्थिति से हुआ। इस अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने महोत्सव का शुभारंभ करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक एवं साहित्यिक गतिविधियों का आनंद लिया।
मंत्री श्री जायसवाल ने कहा कि कोसम ब्रांड बनना चाहिए, और उन्होंने एक पेड़ का नाम भी लिया, जिस पर उन्होंने बताया कि आने वाले वर्षों में कोसम के पौधों का वितरण करने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि साहित्य के माध्यम से जागरूकता फैलाना, शोषण से मुक्ति का काम करना सदियों से साहित्यकारों का काम रहा है। प्राचीन काल से ही साहित्यकार इस कार्य में लगे हुए हैं और उन्होंने ही महत्वपूर्ण साहित्य की रचना की है। आधुनिकता के साथ-साथ साहित्य में भी बदलाव आया है। सभी साहित्यकारों को मैं सादर नमन करता हूँ। साहित्य समाज का दर्पण है, जो समाज को आगे बढ़ाने और सही मार्ग दिखाने में मदद करता है। जीवन साहित्य के बिना अधूरा है।
कोसम महोत्सव में अंतर्राष्ट्रीय ओडीसी नृत्यांगना आंचल पांडेय ने ओडीसी नृत्य की मंत्रमुग्ध कर देने वाली प्रस्तुति दी। युवा कवि सम्मेलन के अंतर्गत गोपाल गंज बिहार से कवयित्री सान्या राय ने सुंदर गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। रायपुर के वीर रस के युवा कवि ईशान विद्युत व धमधा से आए आशा परशुराम ने धारदार प्रस्तुति से माहौल को नई ऊंचाई प्रदान की सत्र का सधा हुआ संचालन खैरागढ़ के होनहार कवि भावेश देशमुख ने किया। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ के इतिहास, संस्कृति व परंपरा पर आधारित परिचर्चा सत्र का आयोजन भी हुआ, जिसमें वरिष्ठ साहित्यकार रुद्रनारायण पाणिग्रही एवं इतिहासकार अजय कुमार चतुर्वेदी ने अपने अनुभव एवं शोध साझा किए। इस सत्र का संचालन युवा लेखक डॉ. गीतेश अमरोहित ने किया। पत्रकारिता पर केंद्रित सत्र में साधना न्यूज चैनल के राज्य प्रमुख आर. के. गांधी ने मीडिया से जुड़ी विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। इस चर्चा को युवा लेखक रुद्रनारायण मिश्र ने संपादित किया। इसके अतिरिक्त स्थानीय कवियों एवं साहित्यकारों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं। इस साहित्य महोत्सव के अवसर पर बैकुंठपुर विधान सभा क्षेत्र के विधायक एवं जिला पंचायत अध्यक्ष मोहित राम पैकरा के साथ-साथ जिले के अनेक कवि, साहित्यकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने महोत्सव की गरिमा को और भी बढ़ाया।



0 टिप्पणियाँ