कोरिया। नगर के धौराटीकरा क्षेत्र में शनिवार की रात एक संवेदनशील घटना सामने आई, जहां एक गाय दलदल और कचरे में फंस गई थी। पूरी रात पानी और कीचड़ में फंसी रहने से गाय की स्थिति काफी कमजोर और सुस्त हो गई थी। सुबह जब यह जानकारी घरवालों को मिली तो उन्होंने तुरंत गौ रक्षक अनिल खटीक को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गौ रक्षक अनिल खटीक अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। स्थिति गंभीर होने पर उन्होंने नगर पालिका के उपाध्यक्ष आशीष यादव, पार्षद अभिनेन्द्र सिंह तथा समाजसेवी अभय दुबे को जानकारी दी। जानकारी मिलते ही नपा उपाध्यक्ष आशीष यादव ने मानवीयता दिखाते हुए तुरंत मौके पर पहुंचकर नेता पत्र दिखाया और कर्मचारियों को फोन कर तत्काल बुलाया, जिसके बाद रेस्क्यू कार्य शुरू किया गया। दलदल में फंसी गाय को निकालना बेहद मुश्किल था, लेकिन सभी के संयुक्त प्रयासों और टीमवर्क से कई घंटों की मशक्कत के बाद अंततः गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दौरान नगर पालिका के कर्मचारी शुभम सोनी, राजेश गुप्ता, प्रमोद सिंह, ललित कुशवाहा सहित अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
गाय को बाहर निकालने के बाद उसे सुरक्षित स्थान पर ले जाकर पानी पिलाया गया और प्राथमिक उपचार कराया गया। मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और सभी ने इस मानवीय कार्य के लिए पूरी टीम की सराहना की।
गौ रक्षक अनिल खटीक ने बताया कि सूचना मिलते ही उन्होंने तुरंत कार्रवाई की ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो। वहीं नपा उपाध्यक्ष आशीष यादव ने कहा कि जब भी किसी जीव की जान पर बन आती है, तो इंसानियत सबसे पहले आनी चाहिए। पार्षद अभिनेन्द्र सिंह और अभय दुबे ने भी कहा कि ऐसी घटनाओं में प्रशासन और जनता दोनों को तत्परता से सहयोग करना चाहिए।
धौराटीकरा में हुए इस मानवीय कार्य की पूरे क्षेत्र में प्रशंसा की जा रही है। यह घटना इस बात का उदाहरण है कि संवेदनशीलता और सामूहिक प्रयास से हर कठिन कार्य को संभव बनाया जा सकता है।




0 टिप्पणियाँ