Ticker

6/recent/ticker-posts

कोरिया जिले को राष्ट्रीय स्तर पर मिली बड़ी उपलब्धि — राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों कलेक्टर चंदन त्रिपाठी को मिला सम्मान

 


कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले ने एक बार फिर अपने नवाचारों और उत्कृष्ट कार्यों से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। राजधानी नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कॉन्क्लेव में भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के हाथों कोरिया जिले को “धरती आवा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान” के तहत राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान जिले की कलेक्टर श्रीमती चंदन त्रिपाठी ने प्राप्त किया।




कोरिया जिले के इस अभियान को जनजातीय क्षेत्रों में सतत विकास, स्वावलंबन और बुनियादी सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए मॉडल के रूप में देखा जा रहा है। धरती आवा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के अंतर्गत जिले की 154 ग्राम पंचायतों के जनजातीय परिवारों को प्रथम चरण में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।



कलेक्टर चंदन त्रिपाठी के नेतृत्व में जिला प्रशासन ने इस अभियान को केवल एक योजना नहीं, बल्कि “जन-जन की भागीदारी का मिशन” बना दिया। उन्होंने स्वयं कई जनजातीय बस्तियों का दौरा कर वहां की वास्तविक समस्याओं को समझा और स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा पंचायतों के सहयोग से ठोस समाधान लागू किए। उनके नवाचार और संवेदनशील प्रशासनिक दृष्टिकोण से सुदूर क्षेत्रों में भी विकास की नई रोशनी पहुंची है। कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने कोरिया जिले के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि “ऐसे अभियान वास्तव में ग्राम स्वराज की भावना को साकार करते हैं और समाज के अंतिम छोर तक विकास की किरण पहुंचाते हैं।” इस उपलब्धि पर पूरे छत्तीसगढ़ में गर्व की लहर है। मुख्यमंत्री, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और आमजन ने कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी को बधाई दी है। जिलेवासियों ने इसे कोरिया की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। कलेक्टर चंदन त्रिपाठी ने सम्मान प्राप्त करने के बाद कहा — “यह सम्मान कोरिया के प्रत्येक नागरिक, विशेषकर हमारे जनजातीय भाई-बहनों की मेहनत और विश्वास का परिणाम है। प्रशासन और जनता के संयुक्त प्रयास से ही हमने यह मुकाम हासिल किया है।”

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ