कोरिया। शहर के हृदय स्थल कुमार चौक की लंबे समय से चली आ रही स्ट्रीट लाइट की समस्या अब दूर होने जा रही है। 15 अगस्त के अवसर पर स्थानीय नागरिकों ने यहां की लाइट व्यवस्था की जानकारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी संजय दुबे को दी थी। बताया गया था कि यहां पर लाइटें केवल तीज-त्योहार के मौके पर ही लगाई जाती हैं, जिससे आम दिनों में चौक अंधेरे में रहता है।
इस पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने आश्वासन दिया कि एक सप्ताह के भीतर चौक के पास लगे खंभों में तीन से चार स्थायी लाइटें लगा दी जाएंगी। इसके साथ ही एक बड़ी हाई मास्क लाइट का प्रस्ताव भी भेजा गया है। जैसे ही यह स्वीकृत होकर नगर पालिका को प्राप्त होगी, उसे कुमार चौक में स्थापित किया जाएगा।
इस पहल से पूरा चौक रोशनी से जगमग रहेगा। नगर पालिका की इस कार्यवाही पर गौ रक्षा वाहिनी जिला अध्यक्ष अनुराग दुबे ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी संजय दुबे का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने चौक की महत्वपूर्ण समस्या का स्थायी समाधान कर दिया है।
0 टिप्पणियाँ