भैयाथान।भारतीय जनता पार्टी मंडल द्वारा 'मोर तिरंगा, मोर अभियान' के तहत रविवार को ग्राम डबरीपारा से भैयाथान तक एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ सरकार की मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने केवरा से स्कूटी पर सवार होकर तिरंगा थामे इस यात्रा का नेतृत्व किया, जिससे देशभक्ति का जज़्बा और भी प्रबल हो उठा। भैयाथान में पूर्व गृहमंत्री व वन विकास निगम अध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने नगर भ्रमण कर आयोजन को और भव्यता प्रदान की। पूरे मार्ग में देशभक्ति गीतों और 'भारत माता की जय' के नारों से माहौल गूंजायमान रहा। वहीं दूसरी तरफ यह तिरंगा यात्रा, विशेष रूप से मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े की प्रभावी भागीदारी के साथ, न केवल राष्ट्रीय एकता का संदेश दे रही थी, बल्कि 'हर घर तिरंगा' अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही थी।
प्रधानमंत्री के आह्वान पर हर घर तिरंगा
भैयाथान चौक पर यात्रा के समापन पर मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में तिरंगे की शान को हर घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है। तिरंगा हमारी एकता, अखंडता और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है। मैं सभी से अपील करती हूँ कि इसे सम्मान के साथ अपने घरों में फहराएँ।"
तिरंगा है शौर्य और बलिदान का प्रतीक
पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा ने अपने संबोधन में कहा, "तिरंगा हमारी आज़ादी, शौर्य और बलिदान की गाथा का प्रतीक है। इसे हर दिल और हर घर में लहराना हमारा राष्ट्रीय कर्तव्य है। यह यात्रा देशभक्ति की भावना को और सशक्त करने का एक शानदार प्रयास है।"
मंडल अध्यक्ष ने जताया आभार
भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील साहू ने उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा, "तिरंगा हमारी राष्ट्रीय अस्मिता और गौरव का परिचायक है। हम इसे पूरे गर्व के साथ लहराएँगे और 'हर घर तिरंगा' अभियान को सफल बनाएँगे।"
यात्रा में दिखा उत्साह, सहभागी बना जनसैलाब
यात्रा में जनपद उपाध्यक्ष राजीव प्रताप सिंह, रामाशंकर यादव, रामू गोस्वामी, अशोक सिंह, शीतल गुप्ता, सुरेंद्र सिंह, शांतनु गोयल, सत्यवती दुबे, अमन प्रताप सिंह, नेहा तिवारी, बलिराम यादव, हेम सिंह, सौरभ साहू, विजय यादव, रूपेंद्र कुशवाहा, मंटू गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। तिरंगे के साथ कदम से कदम मिलाकर चलते हुए लोगों ने देशभक्ति का अनूठा उत्साह प्रदर्शित किया।
0 टिप्पणियाँ