कोरिया। जिले के सभी तहसीलों में आज से तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों की तीन दिवसीय सामूहिक हड़ताल शुरू हो गई है। यह हड़ताल छत्तीसगढ़ राजस्व अधिकारी संघ के आह्वान पर की जा रही है, जिसमें वे अपनी 14 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। हड़ताल के पहले ही दिन जिले भर में राजस्व कार्य पूरी तरह ठप हो गया।
जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य जैसे नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, जाति-निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र जैसी सेवाएं पूरी तरह से बाधित हो गई हैं। तहसील कार्यालयों में ताले लटके रहे और आम नागरिकों को कामकाज के लिए दर-दर भटकना पड़ा।
क्या हैं प्रमुख मांगें:
तहसीलदारों की प्रमुख मांगों में पदोन्नति प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करना, कार्यभार के अनुरूप सहायक स्टाफ की नियुक्ति, सुरक्षा व्यवस्था में सुधार और सेवा शर्तों में संशोधन शामिल हैं।
प्रशासन की चुप्पी:
अभी तक सरकार या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, जिससे कर्मचारियों में रोष बना हुआ है। संघ के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा सकते हैं।
जनता की परेशानी बढ़ी:
हड़ताल से आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि सरकारी कामों के लिए पहले ही कई दिन लगते हैं और अब यह हड़ताल उनकी समस्याओं को और बढ़ा रही है।
0 टिप्पणियाँ