बलरामपुर। आगामी 15 नवंबर से शुरू होने वाली धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए जिला प्रशासन ने अवैध धान परिवहन पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर राजेंद्र कटारा के निर्देश पर सीमावर्ती क्षेत्रों में कड़ी चौकसी बरती जा रही है।
जिले की सीमाएं उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और झारखंड से लगने के कारण अवैध धान परिवहन की संभावनाओं को देखते हुए सभी अनुविभागीय अधिकारियों को विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। अंतर्राज्यीय चेकपोस्टों पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इसी दौरान रामचंद्रपुर विकासखंड में राजस्व विभाग की टीम ने रात्रि गश्त के दौरान ग्राम चुनापाथर मार्ग पर उत्तर प्रदेश से आ रही तीन पिकअप वाहनों को रोका। जांच में वाहनों में 194 बोरी धान लदा पाया गया, लेकिन परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (रामानुजगंज) आनंद नेताम ने बताया कि दस्तावेजों के अभाव में तीनों वाहनों को जब्त कर पुलिस चौकी डिंडो की अभिरक्षा में सुपुर्द किया गया है। उन्होंने कहा कि धान खरीदी की तैयारी के मद्देनजर सीमावर्ती इलाकों में विशेष निगरानी दल गठित किए गए हैं, जो लगातार जांच अभियान चला रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अवैध धान परिवहन और भंडारण के खिलाफ सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

0 टिप्पणियाँ