कोरिया। दीपावली पर्व नजदीक आते ही नगर में सफाई व्यवस्था को लेकर नगर पालिका प्रशासन ने अपनी रफ्तार तेज कर दी है। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिका की टीम लगातार विभिन्न वार्डों, सड़कों और बाजार क्षेत्रों में सफाई अभियान चला रही है। इसी क्रम में आज नगर पालिका की टीम ने शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्र में पहुंचकर सड़कों, नालियों और आसपास के इलाकों की सफाई की। कर्मचारियों ने झाड़ू लगाकर कचरा हटाया और लोगों से भी साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की।
नगर पालिका द्वारा की जा रही इस कार्रवाई से जहां शहरवासियों में संतोष की भावना है, वहीं कुछ क्षेत्रों की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। ग्राम तलवापारा में मुख्य मार्ग से गर्ल्स कॉलेज जाने वाली सड़क पर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। सड़क किनारे पड़े कचरे और कीचड़ से दुर्गंध फैल रही है, जिससे राहगीरों और विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिदिन इस मार्ग से सैकड़ों छात्राएं कॉलेज आने-जाने के लिए गुजरती हैं। ऐसे में सड़क पर फैली गंदगी से संक्रमण और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार सफाई की मांग की गई, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों का कहना है कि दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर जहां शहर की सफाई में तेजी लाई जा रही है,
वहीं ग्राम तलवापारा जैसे क्षेत्रों को भी उसी तरह की प्राथमिकता मिलनी चाहिए। नगरवासियों का मानना है कि जिस तरह नगर पालिका ने मुख्य बाजारों और चौक-चौराहों की सफाई में तत्परता दिखाई है, उसी प्रकार ग्राम पंचायत क्षेत्र में भी सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाना आवश्यक है। यदि समय रहते इस सड़क की सफाई नहीं की गई, तो यह न केवल छात्र-छात्राओं बल्कि आसपास के निवासियों के स्वास्थ्य के लिए खतरा बन सकती है। दीपावली जैसे पर्व पर स्वच्छता ही सबसे बड़ी सजावट मानी जाती है, इसलिए नगर पालिका और ग्राम पंचायत दोनों को मिलकर पूरे क्षेत्र में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।



0 टिप्पणियाँ