बैकुण्ठपुर। भाजयुमो कोरिया के पूर्व जिलाध्यक्ष अंचल राजवाड़े को सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की त्वरित सहायता करने के लिए जिला पुलिस प्रशासन द्वारा “गुड सेमेरिटन सम्मान” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान जिला प्रशासन कोरिया के तत्वावधान में मानस भवन, बैकुण्ठपुर में आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के समापन समारोह में प्रदान किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल रहे। उनके करकमलों से अंचल राजवाड़े को यह सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। जानकारी के अनुसार अंचल राजवाड़े ने पूर्व में कई बार सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों की बिना किसी भय या औपचारिकता के तत्काल मदद की। उन्होंने न सिर्फ घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में भूमिका निभाई, बल्कि जरूरत पड़ने पर पुलिस और एंबुलेंस को सूचना देकर मानवता का परिचय दिया। उनके इसी सराहनीय सामाजिक योगदान को देखते हुए जिला पुलिस प्रशासन ने उन्हें “गुड सेमेरिटन सम्मान” से नवाजा। इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका समय पर मिलने वाली सहायता की होती है। ऐसे में अंचल राजवाड़े जैसे लोग समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं, जो बिना किसी स्वार्थ के पीड़ितों की मदद के लिए आगे आते हैं। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्तियों की मदद करने से न हिचकें, क्योंकि कानून भी गुड सेमेरिटन को संरक्षण देता है। सम्मान प्राप्त करने के बाद अंचल राजवाड़े ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें आगे भी सामाजिक कार्यों और जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रेरित करेगा। कार्यक्रम के समापन पर सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता संदेश दिया गया और यातायात नियमों के पालन की अपील की गई।

0 टिप्पणियाँ