कोरिया। वरिष्ठ भाजपा नेता बाबूलाल अग्रवाल ने एक प्रेस वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कोल ब्लॉक और पर्यावरणीय स्वीकृतियों को लेकर कांग्रेस की कथित 'झूठ की फैक्ट्री' को उजागर करते हुए कई दस्तावेज और तथ्यों के साथ कांग्रेस के रवैये की निंदा की। बाबूलाल अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए छत्तीसगढ़ के संसाधनों की खुली लूट की है और भूपेश बघेल के नेतृत्व में शराब, कोयला, चावल, पीएससी, और जमीन घोटालों की बाढ़ आई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने प्रदेश को भ्रष्टाचार और अराजकता का अड्डा बना दिया। उन्होंने कहा कि कोल ब्लॉक के आवंटन को लेकर कांग्रेस आज जो सवाल उठा रही है, उसका पूरा सच जनता के सामने लाना जरूरी है। उन्होंने बताया कि कोल ब्लॉक आवंटन की नींव कांग्रेस सरकार ने ही रखी थी। वर्ष 2010 में तत्कालीन केंद्रीय पर्यावरण मंत्री जयराम रमेश ने कई प्रस्तावों को प्राथमिकता घोषित किया था।
तथ्यों के आधार पर कांग्रेस को घेरा
अग्रवाल ने बताया कि:
23 जून 2011 को केंद्र की कांग्रेस सरकार ने तार परसा ईस्ट और कांते बेसन कोल ब्लॉकों को खोलने की प्रक्रिया शुरू की थी।
16 अक्टूबर 2019 को खुद भूपेश बघेल ने मुख्यमंत्री रहते हुए कोल ब्लॉक के लिए पर्यावरण स्वीकृति की सिफारिश भेजी थी।
31 मार्च 2021 को ओपन कास्ट गारे पेलमा सेक्टर-2 के लिए एमओयू साइन हुआ था।
19 मार्च 2022 और 23 जनवरी 2023 को कांग्रेस सरकार ने स्टेज-1 और स्टेज-2 की वन स्वीकृति दी थी।
25 मार्च 2022 को राजस्थान को कोल माइंस आवंटित करने की सिफारिश भी भूपेश सरकार ने ही की थी।
भाजपा के तीखे सवाल कांग्रेस से:
1. क्या कांग्रेस अब बिजली का उपयोग नहीं करेगी क्योंकि उसने खुद कोल ब्लॉक आवंटन का विरोध किया है?
2. क्या कांग्रेस हर अपराधी के पक्ष में खड़ी होगी, जैसे आज पूर्व मुख्यमंत्री के बेटे के केस में दिख रहा है?
3. क्या मनमोहन सिंह सरकार के फैसलों के लिए आज कांग्रेस माफी मांगेगी?
प्रेस वार्ता का निष्कर्ष:
बाबूलाल अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में बड़ा अंतर है। उन्होंने जनता से अपील की कि सच्चाई को समझें और कांग्रेस के दोहरे रवैये को नकारें। उन्होंने यह भी कहा कि जब कांग्रेस की सरकार छत्तीसगढ़ और राजस्थान दोनों में थी, तब ही कोल ब्लॉकों के आवंटन की पूरी प्रक्रिया शुरू की गई और अब जब उसके फैसलों के परिणाम सामने आ रहे हैं तो वह भाजपा पर झूठे आरोप लगाकर जनता को भ्रमित कर रही है।
0 टिप्पणियाँ